जबलपुर, अनुराग शुक्ला। जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र में स्थित रिछाई इंडस्ट्रियल एरिया की पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री परिसर से उठते काले धुएं के विशाल गुबार को देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने आग को आगे फैलने से रोकने के लिए तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।


शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही आशंका

आग लगने की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और औद्योगिक प्रबंधन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार दुर्घटना का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक स्तर पर जांच के बाद ही आग लगने के असली कारणों की पुष्टि हो पाएगी।


नुकसान और जनहानि का आकलन जांच के बाद होगा स्पष्ट

फिलहाल इस हादसे में हुए वित्तीय नुकसान का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है। फैक्ट्री में मौजूद मशीनरी, कच्चे माल और तैयार माल को कितना क्षति पहुंची है, इसका मूल्यांकन जारी है। इसके साथ ही घटना के समय फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों की सुरक्षा और किसी भी प्रकार की जनहानि को लेकर प्रशासनिक जांच चल रही है।