छतरपुर, विनोद मिश्रा। जीतू पटवारी सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ छतरपुर जिले के ढोडन बांध क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग द्वारा FIR दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी आदिवासी किसानों को न्याय दिलाने के लिए ढोडन बांध क्षेत्र पहुंचे थे, जहां विस्थापन और मुआवजे को लेकर आंदोलन चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, आदिवासी किसानों की मुआवजे की लड़ाई लड़ रहे सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर को जेल से रिहा होने के बाद पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रशासन ने वीडियो ग्राफी के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
वन विभाग के अधिकारी देवेंद्र अहिरवार ने बताया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में बेरिकेडिंग लगाई गई थी, लेकिन प्रदर्शनकारी बेरिकेड के बगल से निकल गए और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। उन्होंने बताया कि वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 27 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आदिवासी किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है और कांग्रेस उनकी हक की लड़ाई में पूरी मजबूती से साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही राहुल गांधी किसानों से मिलने पहुंच सकते हैं।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने अमित भटनागर की रिहाई की मांग उठाई, जिस पर जीतू पटवारी ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस आंदोलन को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी तथा किसानों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

