रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में महज 18 हजार रुपए की खातिर एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। अतरैला थाना क्षेत्र के चौखंडी गांव निवासी 60 वर्षीय बकरी व्यापारी लक्खू चिकवा की जेब में पैसे देखकर बदमाशों ने उनकी हत्या की खौफनाक साजिश रची और उन्हें मौत के घाट उतारकर शव जमीन में दफना दिया। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का दो दिन के भीतर ही पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बकरियां खरीदने निकले व्यापारी की हत्या; बऊलिया घाटी में दफनाया मिला शव
अतरैला थाने के चौखंडी गांव के रहने वाले लक्खू चिकवा शुक्रवार की सुबह बकरियां खरीदने के लिए चांद देऊखर तरफ गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। शनिवार को उनका शव बऊलिया घाटी में जमीन के अंदर दफनाया हुआ मिला था। एसपी डॉ. गुरुकरण सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने जब गांव में पूछताछ की, तो पता चला कि घटना से पहले व्यापारी के साथ गांव के कुछ लड़कों को देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। इस वारदात में पुलिस ने बुद्धसेन कोल उर्फ मोहन (22 वर्ष) निवासी पांडेय कुरैली, प्रभुनाथ कोरी उर्फ लल्ली (21 वर्ष) निवासी कुरैली और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
गला घोंटकर की हत्या; मोबाइल घर के पीछे फेंका
आरोपी पहले से जानते थे कि लक्खू चिकवा बकरियों की खरीद-फरोख्त करते हैं और उनके पास नकदी रहती है। शुक्रवार को जेब में पैसे देखकर बदमाश उनके पीछे लग गए और सुनसान रास्ते पर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उनकी जेब से 18,000 रुपए लूटकर शव को जमीन में गाड़ दिया और साक्ष्य छिपाने के लिए मोबाइल घर के पीछे फेंक दिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने लूटी गई रकम में से 5,000 रुपए तुरंत शराब और चिकन की पार्टी में उड़ा दिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बाकी बचे 12,600 रुपए भी बरामद कर लिए हैं। नशाखोरी की लत ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिलवाया।















