सागर, जीशान खान। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के किसानों से वर्चुअली संवाद करते हुए सरकार की कृषि योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन तकनीक और बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य खेती को लाभ का माध्यम बनाने के साथ किसानों की आय के अन्य स्रोतों को भी मजबूत करना है। बुंदेलखंड के लिए केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे सागर, पन्ना, दमोह, टीकमगढ़ और छतरपुर सहित क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल की सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा देकर किसानों को उपज का बेहतर मूल्य दिलाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं तथा ई-टोकन व्यवस्था लागू की जा रही है। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा उपलब्ध है और ऋण चुकाने की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। आगामी फसल सीजन में किसानों को दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने और सोलर पंपों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और मुर्गी पालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने भी विचार रखे। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किसानों से अनुदान योजनाओं का लाभ लेने तथा जैविक खेती को अपनाने की अपील की।




