छतरपुर, संदीप यादव। ईशानगर थाना क्षेत्र के पहड़गांव निवासी 20 वर्षीय महेश कुशवाहा पिता मुरलीधर कुशवाहा की खेत में जुताई के दौरान ट्रैक्टर से दबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12 बजे महेश अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य कर रहे थे, तभी अचानक हादसे का शिकार हो गए और ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एंबुलेंस से झांसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही महेश ने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।