देवास, हेमंत गुर्जर। जिले में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली कीटनाशक दवाइयों की अवैध पैकिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी बाई मार्ग स्थित एक मकान पर की गई, जहां ब्रांडेड कंपनियों के नाम से नकली कीटनाशक दवाइयों की पैकिंग की जा रही थी।
छापेमारी के दौरान टीम ने बायर नेटिवो और इंडोफिल मोटिव कंपनी के नाम से तैयार किए गए हजारों भरे और खाली पैकेट बरामद किए। इसके अलावा जिप्सम पाउडर, पैकिंग मशीन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। जांच में सामने आया कि नकली उत्पादों को असली ब्रांड के नाम से बाजार में खपाने की तैयारी थी।
कार्रवाई के दौरान मौके से रुकसार पति आमिर खान और जुबेदा बी पति मंजूर हुसैन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अभिषेक नामक व्यक्ति का नाम भी सामने आने की जानकारी दी है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, कीटनाशक अधिनियम, ट्रेडमार्क एक्ट और कॉपीराइट एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

