भोपाल। मध्यप्रदेश में अप्रैल की शुरुआत आंधी, बारिश और ओलों के साथ हुई, लेकिन अब मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से प्रदेश में बारिश का दौर थम जाएगा और भीषण गर्मी की शुरुआत होगी। दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
1 से 9 अप्रैल तक प्रदेश के कई जिलों में लगातार मौसम बदला रहा। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट समेत पूर्वी इलाकों में आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अब अगले 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल के आसपास उत्तर-पश्चिमी हिस्से में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो सकता है, लेकिन इसका असर मध्यप्रदेश में सीमित रहेगा। इसके चलते गर्मी का असर लगातार बढ़ेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार अप्रैल और मई गर्मी के सबसे अहम महीने होते हैं। इस बार मार्च के दूसरे पखवाड़े में ही तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया था, लेकिन बाद में बारिश और आंधी के कारण गिरावट आई। फरवरी और मार्च में चार-चार बार मौसम बदलने से फसलों को भी नुकसान हुआ।
प्रदेश के बड़े शहरों में भी गर्मी का ट्रेंड तेज रहने की संभावना है। पिछले वर्षों के आंकड़ों के अनुसार भोपाल और इंदौर में तापमान 43 डिग्री, जबलपुर में 44 डिग्री और ग्वालियर में 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। इस बार भी अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से तापमान तेजी से बढ़ने के संकेत हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि आने वाले दिनों में गर्मी का असर तेज होने वाला है।

