छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के सटई थाना क्षेत्र के ग्राम बसाटा में शाम एक दर्दनाक हादसे में 44 वर्षीय रज्जू आदिवासी पुत्र बिरजू आदिवासी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह अपने घर का मुख्य गेट बंद कर रहे थे। इसी दौरान गेट में अचानक विद्युत करंट प्रवाहित होने से वह उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।


हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने रज्जू आदिवासी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में घर के लोहे के गेट में करंट आने के कारण हादसा होना सामने आया है।


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गेट में करंट किस वजह से प्रवाहित हुआ। विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी, लीकेज या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं प्रशासन ने लोगों से विद्युत उपकरणों और घरों की वायरिंग की नियमित जांच कराने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।