सीहोर। गरीबों के हक के सरकारी गेहूं की चोरी का मामला सामने आया है। नागरिक आपूर्ति विभाग के वेयरहाउस से टेंडर के तहत गेहूं का परिवहन कर रहे ट्रकों से रास्ते में गेहूं की बोरियां उतारने का आरोप है।


बताया जा रहा है कि ट्रक ड्राइवर झाड़ियों के पास गेहूं की बोरियां उतारकर छोड़ देते थे, जिन्हें बाद में अन्य लोग उठाकर ले जाते थे। ग्रामीणों का आरोप है कि यह खेल कई दिनों से चल रहा था।


ग्रामीणों ने गेहूं चोरी के मामले को रंगे हाथों पकड़ लिया। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचते ही दोनों ट्रकों के ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।


पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर मंडी थाने पहुंचाया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि सरकारी गेहूं चोरी के इस खेल में कौन-कौन शामिल है और यह सिलसिला कितने समय से चल रहा था।