भोपाल/नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। पूर्व गृहमंत्री ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए इसे सौजन्य भेंट बताया और पार्टी अध्यक्ष से मार्गदर्शन प्राप्त करने की बात कही। हालांकि, प्रदेश में नगरीय निकाय व त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनावों के ऐलान और संगठन में चल रही सक्रियता के बीच हुई इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात के बाद मध्य प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गरमा गया है।

मध्य प्रदेश भाजपा की राजनीति में लंबे समय तक संकटमोचक और कद्दावर रणनीतिकार की भूमिका निभाने वाले डॉ. नरोत्तम मिश्रा की पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है। विधानसभा चुनाव 2023 के बाद से भले ही वे सरकार के सीधे कामकाज से दूर रहे हों, लेकिन लोकसभा चुनावों और विभिन्न संगठनात्मक अभियानों में पार्टी ने उन्हें लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस मुलाकात के कई निहितार्थ हो सकते हैं। एक तरफ जहां मध्य प्रदेश में 29 सितंबर को नगरीय निकाय और पंचायत स्तर पर बड़े पैमाने पर उपचुनाव होने जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर केंद्रीय संगठन और राज्य स्तर पर नई जिम्मेदारियों के बंटवारे को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर हैं। राजनीतिक हलकों में कयास लगाए जा रहे हैं कि शीर्ष नेतृत्व डॉ. मिश्रा को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में कोई बड़ी भूमिका सौंप सकता है या फिर आगामी उपचुनावों और अन्य राज्यों के चुनावी प्रबंधन में उनकी संगठनात्मक कार्यकुशलता का उपयोग किया जा सकता है।

हालांकि, डॉ. नरोत्तम मिश्रा के करीबी सूत्रों ने इसे पूरी तरह एक शिष्टाचार भेंट करार दिया है। इसके बावजूद दिल्ली से भोपाल तक पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक जानकारों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में इस मुलाकात के क्या राजनीतिक नतीजे सामने आते हैं।