छतरपुर। हमारा छतरपुर मुंबई या दिल्ली से कम है क्या? इस बात को छतरपुर के युवा अनुभव पटेल ने सच साबित कर दिखाया है। शनिवार, 16 मई को छतरपुर के ऐतिहासिक और विश्व प्रसिद्ध धूबेला महलों में एक बेहद खास गाने की शूटिंग संपन्न हुई। इस शूटिंग की भव्यता को देखकर ऐसा लग रहा था मानो साक्षात बॉलीवुड ही बुंदेलखंड की धरती पर उतर आया हो।


इस म्यूजिक वीडियो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके बोल विशुद्ध बुंदेलखंडी भाषा में लिखे गए हैं, लेकिन इसे फिल्माया बेहद आधुनिक और वेस्टर्न टच के साथ गया है। शूटिंग के लिए धूबेला के ऐतिहासिक महलों को किसी दुल्हन की तरह बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महलों की प्राचीन वास्तुकला और आधुनिक लाइटिंग व कैमरावर्क का ऐसा संगम हुआ कि धूबेला की खूबसूरती में चार चांद लग गए। जारी की गई झलकियों को देखकर आम लोगों के लिए यह पहचान पाना भी मुश्किल हो रहा है कि ये वही महल हैं, जिन्हें लोग अक्सर सामान्य तौर पर देखते हैं।


आमतौर पर बुंदेलखंड के कलाकारों या गानों की शूटिंग के लिए लोग मुंबई या दिल्ली का रुख करते हैं, लेकिन अनुभव पटेल ने इस परंपरा को उलट दिया। अनुभव ने बताया कि जब हमारा बुंदेलखंड खुद इतना खूबसूरत और ऐतिहासिक है, तो हमें शूटिंग के लिए बाहर जाने की क्या जरूरत है? यही कारण है कि इस प्रोजेक्ट के लिए पूरी मुख्य स्टारकास्ट, तकनीकी टीम और प्रोडक्शन क्रू को विशेष रूप से दिल्ली और मुंबई से बुंदेलखंड बुलाया गया था।


अनुभव पटेल का कहना है कि बुंदेलखंड की प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों में जो बात है, वह दुनिया में कहीं और देखने को नहीं मिलती। उनका मुख्य उद्देश्य बुंदेलखंडी भाषा, यहां के समृद्ध कल्चर और विरासत को देश-दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाना है। वे चाहते हैं कि आने वाले समय में हमारा क्षेत्र सिर्फ अपनी पुरानी पहचान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे देश के नक्शे पर 'फिल्मसिटी बुंदेलखंड' के नाम से एक नई और भव्य पहचान मिले, जिससे स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी नए पंख लग सकें।