छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईसानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर धार्मिक तीर्थस्थल जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ओवरलोड ई-रिक्शा टैक्सी भेलसी के पास अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।


घटना की सूचना मिलते ही 112 डायल पुलिस, स्थानीय ग्रामीण एवं राहत दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।


दुर्घटना में एक अधेड़ महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की पहचान एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


प्राथमिक जांच में ई-रिक्शा के ओवरलोड होने और वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है।