छतरपुर/बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह। दरगुवां तिराहा के पास देर रात केले से भरा एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि ट्रक की टक्कर से सड़क किनारे लगा बिजली का ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गया, जिसके कारण आसपास के क्षेत्र में रातभर बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक MP 68 ZA 8271 सागर से केला लेकर छतरपुर की ओर जा रहा था। रात करीब 12 बजे दरगुवां तिराहा के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने के कारण चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद पलट गया।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि हादसे में ट्रक चालक सहित किसी अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई। वहीं ट्रांसफार्मर टूटकर जमीन पर गिरने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई और स्थानीय लोगों को रातभर अंधेरे में रहना पड़ा।




