दमोह/मड़ियादो, राजकुमार पाठक। रविवार शाम दमोह के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राकेश राय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियादो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रसूति वार्ड, दवा स्टोर, ओपीडी रजिस्टर और कर्मचारी उपस्थिति पंजी सहित अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर स्टाफ नर्स रितु अहिरवार, ड्रेसर प्रदीप तंतुवाय और फार्मासिस्ट श्रीराम गोस्वामी उपस्थित मिले। सीएमएचओ ने अस्पताल में प्रसव के लिए आई महिलाओं के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।


इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने अस्पताल में मलहम-पट्टी के लिए कर्मचारी और लैब टेक्नीशियन की व्यवस्था करने की मांग रखी। इस पर सीएमएचओ ने जल्द आवश्यक व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में बाउंड्रीवॉल निर्माण की आवश्यकता भी बताई।


ग्रामीणों ने सीएमएचओ को बताया कि मड़ियादो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आसपास के करीब 50 से अधिक गांवों के लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्भर हैं। अस्पताल में प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं और बड़ी संख्या में प्रसव भी कराए जाते हैं। ऐसे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन कर इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की आवश्यकता है।


ग्रामीणों की मांग पर सीएमएचओ डॉ. राकेश राय ने मौके से ही दूरभाष पर अधीनस्थ अमले को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन संबंधी प्रस्ताव तैयार कर भेजने के मौखिक निर्देश दिए।