छतरपुर/गौरिहार, राघवेन्द्र रिछारिया। जनपद पंचायत गौरिहार अंतर्गत ग्राम पंचायत बरहा के सामुदायिक भवन में सेक्टर-4 की जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर-4 की सभी ग्राम पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायक, सरपंच सहित जनपद पंचायत के विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख, उपयंत्री एवं सहायक यंत्री मौजूद रहे। समीक्षा बैठक में पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों, मां की बगिया, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित शासन की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक की प्रभारी मति मधु प्रजापति ने बताया कि शासन की मंशानुसार जनपद स्तर के अधिकारी और कर्मचारी ग्राम पंचायतों तक पहुंचकर योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में सेक्टरवार जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक ग्राम पंचायत बरहा में आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विकास कार्यों में गति लाने के साथ शासन की योजनाओं का सही क्रियान्वयन और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा ग्राम पंचायतों में नवनिर्मित सामुदायिक भवन इसी उद्देश्य से बनाए गए हैं, ताकि बड़ी बैठकों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं शादी-विवाह जैसे आयोजन भी हो सकें।
ग्राम पंचायत बरहा में सामुदायिक भवन सहित अन्य विकास कार्यों को धरातल पर बेहतर तरीके से किए जाने की बात भी बैठक में सामने आई। अन्य ग्राम पंचायतों को भी बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ग्राम पंचायत बरहा के सरपंच हीरामणि राजकुमार कुशवाहा ने कहा कि पंचायत का प्रयास है कि बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे और पंचायत में किए जा रहे विकास कार्यों का लाभ आमजन को मिल सके।




