दमोह, राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले के बटियागढ़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विभिन्न जनसमस्याओं और सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता हाथों में गैस सिलेंडर और खाली शराब की बोतलें लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम बटियागढ़ तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महंगाई, बेरोजगारी, क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री सहित केंद्र और राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए।
कांग्रेस ने बटियागढ़ क्षेत्र में पूर्व में खराब हुई उड़द की फसल का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की। इसके अलावा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की लगातार बढ़ रही कीमतों पर नियंत्रण, E20 पेट्रोल से आमजन को राहत, किसानों के बिजली बिल में राहत और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें कम करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
कार्यकर्ताओं ने बटियागढ़ ब्लॉक की क्षतिग्रस्त सड़कों का सुधार कराने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की कई समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है और सरकार को आमजन, किसानों और बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।




