छतरपुर/हरपालपुर। नगर की राजपूत कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय किशोर राज शुक्रवार सुबह हरपालपुर और घुटाई के बीच बोदी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर मृत मिला। राज गुरुवार शाम करीब 5 बजे घर से निकला था और करीब एक घंटे बाद फोन पर परिजनों से उसकी बात हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और रातभर तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।


मृतक के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले वार्ड 15 के पार्षद प्रतिनिधि और उसके भाई पर हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। मृतक की बहनों आकांक्षा और प्रियंका का आरोप है कि दो दिन पहले बच्चों को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उनके भाई को धमकी दी गई थी। परिजनों का दावा है कि उनके पास धमकी से संबंधित ऑडियो भी मौजूद है।


परिजनों के अनुसार, राज के लापता होने के बाद वे हरपालपुर थाने पहुंचे थे। पुलिस द्वारा मोबाइल लोकेशन ट्रैक किए जाने पर लोकेशन कालका मैरिज हाउस के आसपास मिली थी। परिजनों से आवेदन देने को कहा गया था, लेकिन रात अधिक होने के कारण उन्होंने सुबह आवेदन देने की बात कही।


इसी बीच शुक्रवार सुबह महोबकंठ थाना क्षेत्र के दिदौरा के पास रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली। महोबकंठ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए महोबा जिला अस्पताल भेज दिया।


इसके बाद गुस्साए परिजनों ने थाना हरपालपुर के सामने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन से यातायात प्रभावित रहा। परिजनों का कहना है कि उनका बच्चा आत्महत्या नहीं कर सकता, बल्कि उसकी हत्या की गई है।


महोबकंठ थाना प्रभारी विनोद कुमार सरोज के अनुसार, स्टेशन मास्टर ने रेलवे ट्रैक के बीच शव पड़े होने की सूचना दी थी। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किशोर की मौत हत्या है या किसी अन्य वजह से हुई।


हरपालपुर थाना प्रभारी राजेश सिंह सिकरवार ने बताया कि शव उत्तर प्रदेश सीमा में मिला है। महोबकंठ पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामला हरपालपुर थाने भेजे जाने पर पुलिस भी जांच में सहयोग करेगी।