दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले में सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली सुधारने और अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। घड़ी में सुबह 10 बजते ही कलेक्टर अचानक विभिन्न सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण करने पहुंच गए।


औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला पंचायत, आजीविका मिशन, मनरेगा, आदिम जाति कल्याण विभाग और जिला शिक्षा विभाग सहित कई महत्वपूर्ण कार्यालयों में कर्मचारियों और अधिकारियों की उपस्थिति जांची। इस दौरान कई अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए।


बिना उचित कारण अनुपस्थित मिले अधिकारी-कर्मचारियों को लेकर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से सरकारी कार्यालयों में हड़कंप की स्थिति रही। वहीं उनके सख्त रुख से साफ संदेश गया है कि शासकीय कार्यालयों में समय पर उपस्थिति और जिम्मेदारी से कार्य करने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।