नई दिल्ली। वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद - विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (सीएसआईआर-यूजीसी) की 'राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) जून 2026' की परीक्षा में शामिल हुए जो उम्मीदवार अंतिम आंसर-की के साथ रिजल्ट जारी होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उनके लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। दरअसल, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को सीएसआईआर-यूजीसी नेट जून 2026 की फाइनल आंसर-की जारी करने के बाद अब संयुक्त 'सीएसआईआर-यूजीसी नेट जून 2026' परीक्षा के परिणामों की घोषणा कर दी है, जिसे उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं।
'सीएसआईआर-यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा' के परिणाम चेक करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद उम्मीदवारों की गतिविधि सेक्शन में 'जून 2026 में आयोजित संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा के परिणाम जारी किए गए' लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद एक नया पेज खुलेगा, वहां अपना एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और सुरक्षा पिन दर्ज करें। फिर परिणाम आपके स्क्रीन पर खुल जाएगा। रिजल्ट को चेक करने के बाद मार्कशीट डाउनलोड कर लें। भविष्य के लिए मार्कशीट का प्रिंट आउट निकालकर रख लें।
एनटीए ने 17 और 18 जुलाई को देशभर के 224 शहरों में 5 विषयों (लाइफ साइंसेज, मैथमेटिकल साइंसेज, फिजिकल साइंसेज, केमिकल साइंसेज और अर्थ, एटमोस्फेरिक, ओशन एवं प्लैनेटरी साइंसेज) के लिए 1,87,739 उम्मीदवारों की संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा (जून-2026) एक ही शिफ्ट में कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित की, जिसमें 1,50,057 उम्मीदवारों ने उपस्थिति दर्ज कराई थी।
बता दें कि एनटीए ने परिणाम जारी करने के साथ साफ किया कि संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा जून 2026 के लिए संबंधित उम्मीदवारों की प्रोविजनल आंसर की (अस्थाई उत्तर कुंजी) और रिकॉर्ड किए गए जवाब एनटीए की वेबसाइट पर 16 अगस्त से 18 अगस्त की रात 11 बजे तक आपत्तियों को आमंत्रित करने के लिए सक्रिय थे।
वहीं, प्राप्त आपत्तियों को विशेषज्ञों द्वारा सत्यापित किया गया और परिणामों को विशेषज्ञों द्वारा अंतिम रूप दी गई आंसर-की के आधार पर प्रोसेस किया गया है।




