झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक द्वारा बेजुबान (डॉगी) के साथ अश्लील हरकत करने का वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस द्वारा समय पर ठोस कार्रवाई न किए जाने से नाराज पशु प्रेमी महिलाओं ने खुद ही आरोपी को ढूंढ निकाला और सड़क पर उसकी चप्पलों से पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।


क्या है पूरा मामला?

झांसी में कुछ दिन पूर्व (30 अक्टूबर को) एक युवक का डॉगी के साथ अश्लील हरकत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। पशु प्रेमी संस्था से जुड़ी नीशा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले में कोई गंभीर कदम नहीं उठाया और टरकाती रही।


महिलाओं ने खुद पकड़ा और की धुनाई

सोमवार को पशु प्रेमी महिलाओं को सूचना मिली कि आरोपी शहर के पानी वाली धर्मशाला के पास घूम रहा है। इस पर संस्था की महिलाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। आक्रोशित महिलाओं ने आरोपी को सबक सिखाते हुए सड़क पर ही उसकी चप्पलों से जमकर पिटाई की और इसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि पुलिस की लचर कार्यप्रणाली के कारण ही उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।


आरोपी की पहचान और वीडियो पूछताछ

पकड़े गए आरोपी का एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक उससे घटना के संबंध में पूछताछ कर रहा है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम राजू राजकुमार और निवास स्थान सीपरी बाजार के नंदनपुरा का बताया है। वायरल हो रहे इस वीडियो में आरोपी अपनी इस घिनौनी हरकत को सही ठहराने की कोशिश करता हुआ भी नजर आ रहा है, जिससे लोगों में और अधिक आक्रोश फैल गया है।