दमोह/हटा (राजकुमार पाठक)। नगर के गांधी वार्ड स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा एवं विद्यालय परिसर में व्याप्त गंदगी, जलभराव और बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में नगर कांग्रेस अध्यक्ष दीपेश पटेरिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया। करीब चार घंटे तक चले इस अभियान में निजी जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और श्रमसेवकों की मदद से परिसर की सफाई की गई, कचरा हटाया गया तथा आंगनवाड़ी के सामने पाइप डालकर जलनिकासी की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर प्रतिमा की साफ-सफाई और माल्यार्पण के साथ हुई।


दीपेश पटेरिया ने कहा कि विद्यालय, आंगनवाड़ी परिसर और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि केवल प्रशासन को दोष देने के बजाय गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित होकर स्वयं श्रमदान के माध्यम से समस्या के समाधान का प्रयास किया गया है। उन्होंने नगरपालिका सीएमओ पर जनप्रतिनिधियों के कार्यों में सहयोग नहीं करने और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया।


कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने श्रमदान करने वाले युवाओं और नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि जिन कार्यों की जिम्मेदारी प्रशासन की है, उन्हें जनता को स्वयं करना पड़ रहा है, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश सराफ ने प्रशासन पर जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उसकी कार्यशैली की निंदा की।


श्रमदान कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजा पटेरिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश सराफ, नगर कांग्रेस अध्यक्ष दीपेश पटेरिया, ब्रजेश गुप्ता, राजाराम साहू, महेंद्र राय, ब्रज खटीक, ब्रजेन्द्र कुशवाहा, जानकी अहिरवार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ राय, विनोद वर्मन, राहुल अहिरवार, विवेक जैन, मोहन लोधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय वार्डवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर नगर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का माहौल बना हुआ है।