भोपाल, 6 मई । मध्य प्रदेश के किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस के प्रस्तावित मुंबई-आगरा राष्ट्रीय मार्ग के जाम को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जन विरोधी कदम बताया है।मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित किसान चक्का जाम आंदोलन को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि यह चक्का जाम निजी राजनीतिक स्वार्थ का चक्का जाम है। यह आमजन को बंधक बनाने जैसा कृत्य है, जिससे एंबुलेंस और अग्निशमन जैसी आपात सेवाएं प्रभावित होंगी। मध्य प्रदेश के किसानों के नाम पर किया जा रहा यह आंदोलन गैर-जिम्मेदाराना और जनविरोधी है, जो प्रदेश की जनता, व्यापार और व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचाने वाला है।

खंडेलवाल ने आगे कहा कि कांग्रेस व जीतू पटवारी को किसानों के मुद्दे पर आंदोलन नहीं, बल्कि छल व झूठ के लिए माफी मांगना चाहिए। कांग्रेस को किसानों के मुद्दों पर आंदोलन करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों से एक-एक दाना गेहूं खरीदने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में लिए गए फैसलो पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने कर्जमाफी के झूठे वादों से किसानों को डिफाल्टर बना दिया था, भाजपा सरकार ने किसानों की लगभग 2800 करोड़ की राशि जमा कर उन्हें डिफाल्टर की श्रेणी से बाहर निकाला। कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वर्ष 2003-04 में गेहूं का समर्थन मूल्य क्या था और क्या उस समय किसानों का अनाज समर्थन मूल्य पर खरीदा जाता था।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए गठित स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को भी कांग्रेस सरकारों ने वर्षों तक लागू नहीं किया। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को लाभकारी समर्थन मूल्य मिलने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए। कांग्रेस के 55 साल के कार्यकाल में गेहूं का समर्थन मूल्य सिर्फ पांच सौ रुपए तय था। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 12 साल में गेहूं का समर्थन मूल्य लगभग 1600 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाया जा चुका है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार किसानों को एमएसपी पर बोनस देकर 2625 रुपए प्रति क्विंटल के मान से गेहूं खरीदी कर रही है। भाजपा सरकार किसानों से एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, लागत कम करने, उचित मूल्य दिलाने और कृषि जोखिमों को कम करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मध्य प्रदेश दलहन उत्पादन में देश में प्रथम तथा खाद्यान्न व तिलहन उत्पादन में दूसरे स्थान पर है, जो सरकार की किसान हितैषी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आंदोलन करने से पहले आत्मचिंतन करे और किसानों से माफी मांगे।