मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के दलौदा थाने में उस वक्त राजनीतिक पारा चढ़ गया जब कांग्रेस विधायक विपिन जैन अपने भाई के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में समर्थकों के साथ थाने का घेराव करने पहुंच गए। प्रदर्शन के दौरान विधायक ने पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए एक पूर्व टीआई को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी कर डाली।

एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज हुई है एफआईआर

पूरा मामला दलौदा ग्राम पंचायत की सरपंच की शिकायत से जुड़ा हुआ है। सरपंच की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक विपिन जैन के भाई नितिन जैन के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसी कानूनी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने थाने के सामने उग्र प्रदर्शन किया और पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की।

दिवंगत टीआई को लेकर दिया विवादित बयान

थाने के घेराव के दौरान भाषण देते हुए विधायक विपिन जैन इतने गुस्से में आ गए कि उन्होंने मंच से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। विधायक ने सरेआम कहा कि उन्होंने एक टीआई को बददुआ दी थी और वह कुत्ते की मौत मरा। उनके इस बयान का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

पहले भी चर्चा में रहे हैं मामले के तार

विधायक के इस बयान को लेकर यह भी चर्चा है कि 18 अप्रैल 2024 को दलौदा थाने में पदस्थ और तत्कालीन नारकोटिक्स विंग के टीआई संजीव सिंह परिहार की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। हालांकि, विधायक के इस विवादित बयान और दिवंगत पुलिस अधिकारी की मौत के बीच किसी भी तरह के संबंध की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन विधायक के इन तीखे और विवादित बोलों के बाद राज्य में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गर्माहट बढ़ गई है।