हटा (राजकुमार पाठक)। दमोह जिले के हटा अनुभाग अंतर्गत मडियादो थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। दिगी गांव निवासी साहित्य सिंह राजपूत अज्ञात साइबर अपराधियों का शिकार हो गए। ठगों ने व्हाट्सएप पर भेजे गए एक संदिग्ध लिंक के जरिए उनके बैंक खाते से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर कुल 42,300 रुपये निकाल लिए।
पीड़ित साहित्य सिंह राजपूत ने बताया कि उनके व्हाट्सएप पर एक फाइल के साथ संदिग्ध लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करने के कुछ समय बाद देर रात उनके बैंक खाते से करीब छह बार में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुए। मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने के बाद उन्हें साइबर ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत मडियादो थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराते हुए रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा साइबर अपराधियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्हाट्सएप, सोशल मीडिया या किसी अनजान नंबर से प्राप्त लिंक, फाइल या APK डाउनलोड न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें, ताकि साइबर ठगी जैसी घटनाओं से बचा जा सके।




