बालाघाट, रितेश सोनी। बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला विष्णु टोला बड़गांव- क में कक्षा पांचवीं के 10 वर्षीय छात्र कृष्णा घोरमारे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, गणित का सवाल गलत हल करने पर शिक्षक रूपचन्द्र खरे ने छात्र की नीम की लकड़ी से पिटाई की, जिससे उसके शरीर पर चोट के निशान बन गए। छात्र को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लांजी में भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने छात्र की पीठ पर करीब 10 बार और हाथ पर पांच बार प्रहार किया। इतना ही नहीं, कथित तौर पर बच्चे को घटना के बारे में घर पर बताने से मना करते हुए स्कूल से नाम काटने की धमकी भी दी गई। स्कूल से छुट्टी होने के बाद जब कृष्णा घर पहुंचा, तो उसकी दादी प्रमिला घोरमारे ने कपड़े बदलवाते समय उसके शरीर पर चोट के निशान देखे। पूछताछ करने पर बच्चे ने शिक्षक द्वारा पिटाई किए जाने की बात बताई।
इसके बाद दादी शिक्षक के घर पहुंचीं, जहां परिजनों के मुताबिक शिक्षक ने चोट लगने की वजह गिरना बताया। मामले के बाद छात्र को सिविल अस्पताल लांजी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की सूचना लांजी थाने को भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक प्रतिनिधि गौरव बैस भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित छात्र व उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मामले की जानकारी तत्काल लांजी थाना प्रभारी को दी। अब मामले में आगे की कार्रवाई और आरोपों की जांच को लेकर नजरें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं। हालांकि, शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

















