छतरपुर, संजय अवस्थी। ग्राम पंचायत देरी के निवासियों ने क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान होकर कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय लगातार 14 से 15 घंटे की बिजली कटौती होने के कारण उनके बच्चों की पढ़ाई पर गंभीर और प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।


पठापुर से हतना संपर्क मार्ग का मामला

कलेक्टर को दिए ज्ञापन में ग्राम पंचायत देरी तहसील छतरपुर के निवासियों ने बताया कि पठापुर मुख्य मार्ग से हतना संपर्क मार्ग पर लगभग 50 परिवार अपने कुओं पर पक्के व कच्चे मकान बनाकर वर्षों से निवास कर रहे हैं।

14 से 15 घंटे की कटौती से ग्रामीण परेशान

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शाम 5 बजे से सुबह 8 बजे तक लगातार 14 से 15 घंटे कृषि आपूर्ति के साथ-साथ ग्रामीण व घरेलू विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाती है। पूरी रात बिजली न रहने से सबसे बड़ी समस्या बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्यों में आ रही है।

रात में सप्लाई बहाल करने या कटौती का समय बदलने की मांग

समस्त निवासियों ने कलेक्टर से गुहार लगाते हुए अनुरोध किया है कि बच्चों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए रात के समय विद्युत सप्लाई बहाल की जाए। यदि कटौती करना अनिवार्य ही है, तो रात की बजाय दिन के समय बिजली कटौती की जाए, ताकि रात में बच्चे आसानी से पढ़ाई कर सकें। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमोद, सुनील, कोमल, मोहनलाल, जालम, प्रभु, अरविंद, सुषमा, सावित्री, रामप्रकाश, राधेश्याम, अजीज मोहम्मद सहित क्षेत्र के कई अन्य निवासी उपस्थित रहे।