नागदा-खाचरौद, अशोक दायमा | रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव नागदा-खाचरौद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चिरोला स्थित संत निजानंद जी के आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने संत निजानंद जी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए बहनों से रक्षा सूत्र बंधवाया और उनका आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश महान संतों और विभूतियों की तपोभूमि रहा है। संतों की मूल भावना ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के मंगल भाव के साथ प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे, यही उनकी कामना है।
मुख्यमंत्री के चिरोला आश्रम पहुंचने पर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने रक्षाबंधन के पर्व को भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आपसी रिश्तों की मजबूती का प्रतीक बताया।




