नई दिल्ली। मानसून ट्रफ के अचानक लोकेशन बदलने के कारण दिल्ली समेत देश के 23 राज्यों में मौसम ने करवट बदल ली है। पिछले 24 घंटों से जारी इस बदलाव के चलते राजधानी दिल्ली समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि बारिश के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी जबरदस्त सुधार हुआ है, जिससे दिल्लीवासियों को प्रदूषण से राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में 26 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम का पूर्वानुमान ‘सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या फुहार’ का है। आने वाले दिनों की बात करें तो 27 अगस्त को तापमान 35 डिग्री से 26 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, इस दिन भी हल्की बारिश या फुहार की संभावना बनी रहेगी।

28 अगस्त को मौसम साफ रहेगा और आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, तापमान 36 डिग्री से 26 डिग्री के बीच रहेगा। इसके बाद 29 अगस्त को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 30 और 31 अगस्त को फिर से हल्की बारिश या फुहार हो सकती है। 30 और 31 अगस्त को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

लगातार हो रही बारिश के कारण दिल्ली की हवा साफ हो गई है। विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई के आंकड़े बेहद संतोषजनक रहे। दिल्ली के अशोक विहार में एक्यूआई 106 दर्ज किया गया। आया नगर में 67, बवाना में 107, बुराड़ी क्रॉसिंग में 78, कैंटोनमेंट एरिया में मात्र 20 दर्ज हुआ, जो बेहद साफ हवा को दर्शाता है।

चांदनी चौक में 113 रहा, जो कि मध्यम श्रेणी में आता है। इसके अलावा गाजियाबाद के विभिन्न क्षेत्रों जैसे गोविंदपुरम (48), इंदिरापुरम (73), लोनी (50), संजय नगर (36), वसुंधरा (90) और वेद विहार-लोनी (95) में भी एक्यूआई संतोषजनक स्तर पर बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ के सक्रिय होने से न केवल दिल्ली बल्कि पड़ोसी राज्यों में भी भारी बारिश का दौर जारी है। 23 राज्यों में मौसम में इस बदलाव के चलते कई स्थानों पर तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे पेड़ों की शाखाएं टूटने और जलभराव की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है और एक्यूआई में आई इस गिरावट ने एनसीआर को एक बड़ी राहत दी है।