अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम जरियारी मोड़ के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले बाइक सवार को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार चार दर्शनार्थी सहित बाइक चालक घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया गया।
बताया गया है कि कार में सवार दर्शनार्थी उत्तरप्रदेश के अयोध्या और प्रयागराज में गंगा स्नान कर महाराष्ट्र के यवतमाल लौट रहे थे। इसी दौरान अमरपाटन के पास उनकी कार ने बाइक को टक्कर मार दी और बाद में हाईवे किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी।
दुर्घटना में कार सवार पांच लोगों में से चार लोग घायल हुए हैं, जबकि बाइक सवार युवक भी चोटिल हो गया। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का उपचार सिविल अस्पताल अमरपाटन में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा कार की तेज रफ्तार के कारण हुआ। वहीं कार चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

