छतरपुर, संजय अवस्थी। बुंदेलखंड छात्र संगठन द्वारा पन्ना नाका पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के समक्ष शासन-प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए एक विशेष सद्बुद्धि हवन का आयोजन किया गया। यह विरोध प्रदर्शन पन्ना जेल में बंद सामाजिक कार्यकर्ता दिव्या अहिरवार की तत्काल रिहाई की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। छात्र नेता सत्येंद्र शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुए इस हवन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने आहुतियां दीं।

प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता सत्येंद्र शर्मा और छात्रा तनिष्का बिछुरिया ने बताया कि दिव्या अहिरवार केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित विस्थापित आदिवासियों और दलित समाज के लोगों के हक और अधिकारों की न्यायसंगत लड़ाई लड़ रही थीं। उनका आरोप है कि पन्ना पुलिस और प्रशासन द्वारा उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर बीते एक महीने से जेल में बंद रखा गया है। छात्र संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि शासन-प्रशासन की चुप्पी और दमनकारी रवैये के खिलाफ ही सद्बुद्धि हवन का रास्ता चुनना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दिव्या अहिरवार को शीघ्र रिहा नहीं किया जाता, तो बुंदेलखंड छात्र संगठन का एक-एक कार्यकर्ता पन्ना पहुंचकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।