सतना/चित्रकूट। सतना जिले के चित्रकूट क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। दुर्घटना में वाहन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के शिकार सभी लोग उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के निवासी हैं, जो मैहर स्थित मां शारदा देवी के दर्शन करने जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रविवार तड़के लगभग 3 बजे का है। रास्ते से गुजर रहे पैदल तीर्थयात्रियों ने नदी में गाड़ी गिरी देखी और तत्काल पानी में उतरकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। अंधेरा होने के बावजूद पैदल यात्रियों ने सभी लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को चित्रकूट के जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया। मृतकों की पहचान कानपुर निवासी सुनील गुप्ता (50) एवं हिमांशु सिंह सेंगर (30) के रूप में हुई है। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन नियंत्रित होकर नदी में गिर गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।











