उज्जैन, अशोक दायमा। इंदौर में खेले जाने वाले टी-20 मैच से पहले भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक उज्जैन पहुंचे। दोनों ने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह की चौखट से भगवान महाकाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात उन्होंने नंदी हॉल में कुछ देर बैठकर ध्यान लगाया और शिव आराधना की।

सांसद अनिल फिरोजिया ने किया स्वागत

महाकाल मंदिर में इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। उज्जैन से सांसद अनिल फिरोजिया ने गौतम गंभीर को पारंपरिक दुपट्टा और बाबा महाकाल का प्रसाद भेंट कर उनका स्वागत व सम्मान किया।

जीत का विश्वास और बाबा का आशीर्वाद

मंदिर दर्शन के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अपनी आस्था प्रकट की। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल ने उन्हें खुद दर्शन के लिए बुलाया है। गंभीर ने कहा कि बाबा का आशीर्वाद देश और उन पर हमेशा बना रहे, तथा उन्हें पूरा भरोसा है कि भारतीय क्रिकेट टीम आगामी मैचों में शानदार और बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।