बैतूल, सुरेन्द्र बावने। बैतूल जिले के चिचोली नगर के बाजार चौक स्थित ऐतिहासिक रामलीला मंच पर वर्ष 2026 में 126वें वर्ष की रामलीला के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। वर्ष 1901 में पूर्वजों द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आज भी निरंतर निभाया जा रहा है। आयोजन को लेकर पटेल निवास देवड़ी में प्रतिदिन रात्रि स्थानीय कलाकारों द्वारा अभ्यास और संवादों की रिहर्सल की जा रही है।


नवयुवक रामलीला मंडल इस वर्ष मंचन को आकर्षक बनाने के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन का उपयोग करेगा। इसके माध्यम से राजा का दरबार, राजमहल, झरने, पर्वत, जंगल और वन्यजीवों से जुड़े दृश्य दर्शकों को दिखाए जाएंगे। रामलीला के अध्यक्ष संजय आवलेकर ने बताया कि इस बार मंचन में कुछ नया करने का प्रयास किया जा रहा है। संयोजक अनिल सिंह कुशवाह ने बताया कि नवयुवक मानस मंडल के मार्गदर्शन में भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर रावण वध और राज्याभिषेक तक की लीलाओं का मंचन स्थानीय कलाकार करेंगे। कलाकार अमन पटेल, मुकेश सोनी और प्रभुदयाल कहार ने भी आधुनिक तकनीक के साथ बेहतर प्रस्तुति देने की बात कही। चिचोली की रामलीला देखने के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में नगरवासी और आसपास के ग्रामीण परिवार सहित पहुंचते हैं।