सागर, स्वाति सोलंकी। सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बदौना में खेत के कुएं से सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार दोपहर शाम कुएं में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव करीब 8 से 10 दिन पुराना होने का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, ग्राम बदौना में खेत पर स्थित कुएं में ग्रामीणों ने एक शव देखा। इसके बाद तत्काल मोतीनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था और फूलकर पानी की सतह पर आ गया था।


प्रारंभिक जानकारी में शव महिला का होने की आशंका जताई जा रही है,लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। शव की हालत को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक की मौत करीब 8 से 10 दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और समय का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।


ग्रामीणों से पूछताछ के बावजूद अब तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शव की पहचान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।