सागर, स्वाति सोलंकी। सागर में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एवं लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक यात्री अचानक पायदान से फिसलकर नीचे गिर पड़ा। यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसने लगा,लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान ने जिस तेजी से उसे बचाया,उससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो अब सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर के नंदानगर निवासी हरिशंकर गढ़वाल इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। ट्रेन सागर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रुकी,तो वे खाने का सामान लेने नीचे उतर गए। इसी दौरान ट्रेन चलने लगी। ट्रेन को रवाना होता देख हरिशंकर ने जल्दबाजी में उसमें चढ़ने की कोशिश की, लेकिन उनका पैर पायदान से फिसल गया।
यात्री नीचे गिरा और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंसने लगा। कुछ ही पलों में उसकी जान खतरे में पड़ सकती थी। तभी ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ आरक्षक सूरज कुमार सेन की नजर उस पर पड़ी। जवान ने एक पल भी गंवाए बिना दौड़ लगाई और यात्री को पकड़कर सुरक्षित बाहर खींच लिया।
आरक्षक की मुस्तैदी से यात्री की जान बच गई। घटना के बाद स्टेशन प्रबंधन ने ट्रेन रुकवाई और यात्री को सुरक्षित ट्रेन में बैठाया। इसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।











