भोपाल, जीतेन्द्र यादव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में अभियान की जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा और इसे प्रदेश के करीब 71 हजार बूथों तक पहुंचाया जाएगा।


हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम राज्य सरकार के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। इसके तहत तीन दिनों तक विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाए जाएंगे, जहां लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वैश्विक स्तर पर आर्थिक उथल-पुथल के बीच भारत की इकोनॉमी का लगातार आगे बढ़ना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है और देश ने सभी क्षेत्रों में उन्नति एवं प्रगति की है।


सीएम ने कहा कि मेक इन इंडिया जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भारत आर्थिक ताकत के रूप में उभर रहा है। महिला सशक्तिकरण के लिए नारी वंदन अधिनियम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है, जो आज नहीं तो कल निश्चित रूप से पूरी तरह प्रभावी होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही प्रदेश में सुगम परिवहन योजना शुरू करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।