छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा नगर निगम के भाजपा पार्षद एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लोकेश डेहरिया का गुरुवार को अचानक निधन हो गया। बताया गया कि वे वार्ड भ्रमण के दौरान सड़क पर पैदल जा रहे थे, तभी अचानक गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें वे चलते-चलते अचानक सड़क पर गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं।


लोकेश डेहरिया भाजपा के सक्रिय और तेज-तर्रार नेताओं में गिने जाते थे। वे पार्षद होने के साथ-साथ भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय नागरिकों में शोक की लहर दौड़ गई।


भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे तथा दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।