ग्वालियर। मध्य प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की पहली यूनिवर्सिटी ‘ऋषि गालव विश्वविद्यालय’ का भूमिपूजन आज 4 मई को किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
110 करोड़ की लागत से बनेगा विश्वविद्यालय
यह विश्वविद्यालय ग्वालियर के शिवपुरी लिंक रोड स्थित ग्राम बेला में बनाया जाएगा। करीब 55 बीघा जमीन पर बनने वाले इस प्रोजेक्ट की कुल लागत लगभग 110 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पहले चरण में 30 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
कार्यक्रम में कई दिग्गज होंगे शामिल
भूमिपूजन कार्यक्रम शीतला माता मार्ग पर आयोजित होगा। इसमें उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता RSS की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी होंगे, जबकि अध्यक्षता मध्यभारत प्रांत संघचालक अशोक पांडे करेंगे।
2027 से शुरू होगा शैक्षणिक सत्र
विश्वविद्यालय का संचालन करीब 85 साल पुरानी ‘मध्य भारत शिक्षा समिति’ द्वारा किया जाएगा। यहां लगभग 5 हजार छात्र-छात्राओं के अध्ययन की व्यवस्था होगी। प्रशासन ने लक्ष्य रखा है कि गुरु पूर्णिमा (18 जुलाई 2027) से विश्वविद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र शुरू कर दिया जाए।
तीन साल में तैयार होगा कैंपस
पूरे विश्वविद्यालय का निर्माण लगभग 3 साल में पूरा करने की योजना है। यह संस्थान उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान कर प्रदेश और देश के विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खोलेगा। यह परियोजना मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

