इंदौर। मध्य प्रदेश के एकमात्र शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय (गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज), इंदौर में फर्जीवाड़े और जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉलेज केtemp/अस्थायी विभागाध्यक्ष पद का प्रभार हथियाने के लिए दिवंगत प्राचार्या डॉ. अलका गुप्ता के फर्जी हस्ताक्षरों से एक सरकारी पत्र तैयार किया गया। इस गंभीर मामले की शिकायत इंदौर के संयोगितागंज थाने में दर्ज कराई गई है। इसके अलावा पुलिस कमिश्नर, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा विभाग के संचालक और कॉलेज की वर्तमान प्राचार्या को भी लिखित शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
वरीयता दरकिनार कर प्रभार हासिल करने का आरोप
शिकायत में कॉलेज के अस्थायी विभागाध्यक्ष के रूप में पदस्थ डॉ. हर्ष चंसोरिया को नामजद करते हुए गंभीर आरोप लगाए गए हैं: शिकायतकर्ता का आरोप है कि डॉ. हर्ष चंसोरिया विभागीय वरीयता (Seniority List) में तीसरे स्थान पर आते थे। सीनियर डॉक्टरों को नजरअंदाज कर पद हासिल करने की नीयत से यह पूरी प्रशासनिक हेराफेरी की गई। आरोप है कि दिवंगत प्राचार्या के नाम से जारी कथित सिफारिशी पत्र के आधार पर ही डॉ. चंसोरिया को विभागाध्यक्ष (HoD) का प्रभार दिलाने की अनुशंसा करवाई गई और उसे कॉलेज के सरकारी रिकॉर्ड में शामिल कराया गया।
हस्ताक्षरों में अंतर का दावा, मूल दस्तावेज की जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने कथित पत्र की सत्यता और प्राचार्या के हस्ताक्षरों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं: दावा किया गया है कि 14 जून 2026 की तारीख वाले इस संदिग्ध पत्र पर किए गए हस्ताक्षर दिवंगत प्राचार्या डॉ. अलका गुप्ता के वास्तविक हस्ताक्षरों से बिल्कुल मेल नहीं खाते हैं। शिकायत में कहा गया है कि पत्र पर तारीख लिखने की शैली और मूल हस्ताक्षर करने की पद्धति डॉ. गुप्ता के वास्तविक कार्यशैली से अलग है। इससे स्पष्ट होता है कि खुद को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किया गया।
मामले में जिम्मेदार अधिकारियों का रुख
- डॉ. जया जोशी (प्राचार्या, शासकीय दंत चिकित्सालय): "हमारे पास भी इस संबंध में शिकायत आई है। यह मामला कोर्ट में भी लंबित है। फिलहाल इस विषय पर कोई आधिकारिक शासकीय पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। संस्थान को जो भी शिकायतें मिलती हैं, उन पर नियमानुसार ध्यान दिया जाता है।"
- डॉ. हर्ष चंसोरिया (आरोपित डॉक्टर): "मैं अभी इंदौर से बाहर हूं, इसलिए इस संबंध में फिलहाल कोई टिप्पणी या जानकारी नहीं दे सकता।"















