नीमच। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार (12 नवंबर) को उज्जैन लोकायुक्त की विशेष टीम ने नीमच में बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी द्वारा एक होमगार्ड सैनिक की आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी लगाने के एवज में हर महीने रिश्वत की मांग की जा रही थी। लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद होमगार्ड विभाग में हड़कंप मच गया है।
नयागांव आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी लगाने के बदले मांगी जा रही थी मंथली
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरचा ने 10 नवंबर 2026 को उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नीमच के नयागांव स्थित आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी लगाने के बदले डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान उनसे हर महीने 3 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि यह रिश्वत की राशि कार्यालय में ही पदस्थ एक अन्य सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से मांगी जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित के निर्देश पर शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।
उज्जैन लोकायुक्त टीम ने बिछाया जाल; रिश्वत लेते ही दबोचा
रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद उज्जैन लोकायुक्त की विशेष टीम ने डीएसपी राजेश पाठक के नेतृत्व में जाल बिछाया। 12 नवंबर को टीम नीमच पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को शिकायतकर्ता से 3,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
















