भोपाल, जीतेन्द्र यादव। नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में भोपाल के नए और पुराने शहर के सैकड़ों व्यापारी मंगलवार को सड़कों पर उतर आए। व्यापारियों ने रोशनपुरा चौराहे पर जवाहर भवन के सामने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया।


व्यापारी हाथों में थालियां और तख्तियां लेकर नगर निगम की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि सीलिंग कार्रवाई को तत्काल रोका जाए और भोपाल में मास्टर प्लान लागू किया जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि मास्टर प्लान लागू नहीं किया जाता है तो गुजरात मॉडल लागू करने पर विचार किया जाए।


प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। नए शहर की ओर से रोशनपुरा पहुंच रहे व्यापारियों को पुलिस ने टॉप एंड टाउन के सामने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके अलावा टॉप एंड टाउन से रोशनपुरा के बीच तीन स्थानों पर बैरिकेडिंग कर व्यापारियों को आगे बढ़ने से रोका गया। पुलिस की रोक-टोक से नाराज व्यापारियों ने मौके पर जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।


व्यापारी लगातार मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में थाली और ताली बजाकर भी प्रदर्शन किया जा रहा है।


मौके पर पहुंचे भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल ने पुलिस प्रशासन से सभी व्यापारियों को एक स्थान पर शांतिपूर्वक जमा होने देने का अनुरोध किया। प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने व्यापारियों से बातचीत के लिए अपना प्रतिनिधिमंडल मौके पर भेजा है। प्रतिनिधिमंडल प्रदर्शनकारी व्यापारियों से चर्चा कर उनकी मांगों और समस्याओं को सुनेगा।