उचेहरा/सतना, रवि शंकर पाठक । उचेहरा-नागौद मार्ग पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 7 बजे एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी। घटना के समय नदी में लगभग सात फीट पानी बह रहा था। हादसे में एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से चालक की जान बचाई जा सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त एंबुलेंस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बाद में क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को नदी से निकालने और मार्ग पर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुल पर मजबूत रेलिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए स्थिति सामान्य की। घायल चालक का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि यदि पुल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम पहले से मौजूद होते, तो क्या इस दुर्घटना को टाला जा सकता था। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पुल पर मजबूत रेलिंग, चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और बेहतर प्रकाश व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।




