मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले में शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। 5-डे बैंकिंग लागू करने सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों ने गांधी चौराहे पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर नेशनलाइज्ड और क्षेत्रीय बैंकों के करीब 400 कर्मचारी हड़ताल पर रहे। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने गांधीजी की प्रतिमा के चारों ओर चक्कर लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।


बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांग 5-डे बैंकिंग लागू करने की है। कर्मचारियों का कहना है कि मार्च 2024 में सरकार की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया था कि 5-डे बैंकिंग जल्द लागू की जाएगी, लेकिन करीब ढाई साल बीत जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कर्मचारियों ने इसे आश्वासन और समझौते का उल्लंघन बताते हुए हड़ताल का रास्ता अपनाने की बात कही।


इसके अलावा कर्मचारी PLI (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) योजना का भी विरोध कर रहे हैं। यूनियनों की मांग है कि योजना को वापस लिया जाए या इसके क्रियान्वयन को स्थगित किया जाए। साथ ही द्विपक्षीय बातचीत के माध्यम से PLI में आवश्यक संशोधन करने की मांग भी उठाई गई।


लगातार तीन दिन प्रभावित रहेंगी बैंक सेवाएं

शुक्रवार की हड़ताल के बाद शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। ऐसे में जिले में लगातार तीन दिन बैंक शाखाओं का कामकाज प्रभावित रहेगा। लोगों को बैंक से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए सोमवार तक इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। सोमवार से शाखाओं में बैंकिंग सेवाएं सुचारु होने की संभावना है।