छतरपुर, रोहित पाठक। जिले के चंद्रनगर ग्राम की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने दीप प्रज्वलित कर पूरे गांव को दीपावली की तरह रोशन किया। नेहरू पार्क स्थित गायत्री मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
ग्राम में चल रही साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा का पूर्णाहुति के साथ समापन किया गया। इसके बाद समस्त ग्रामवासियों की ओर से हनुमान जी को ध्वज अर्पित किया गया और भंडारे का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच राकेश ‘बबलू’ कुशवाहा सहित ग्राम के वरिष्ठजनों ने पूज्य बागेश्वर सरकार का पथरियाखाड़े हनुमान जी का चित्र एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया।
बागेश्वर सरकार ने चंद्रनगर की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर समस्त ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं तथा ग्राम की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। शताब्दी वर्ष समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पूरे आयोजन को लेकर गांव में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।




