मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। अनाज व्यापारी की दुकान से साढ़े 3 लाख रुपये से भरा बैग चोरी करने वाले शातिर चोर को स्टेशन रोड थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महज पांच दिनों में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी के कब्जे से चोरी गया बैग, 3 लाख 27 हजार रुपये नकद और खाते की किताबें बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर की सुबह करीब 8:45 बजे रामनगर तिराहे के पास अनाज व्यापारी संतोष बंसल की दुकान से रुपयों से भरा ओके चाय प्रिंटेड बैग चोरी हो गया था। व्यापारी ने बैग में साढ़े 3 लाख रुपये रखे थे और इसी दौरान दुकान के बाहर काम में व्यस्त हो गया। मौका देखकर चोर दुकान के काउंटर के नीचे रखा बैग लेकर फरार हो गया।
घटना की शिकायत मिलने पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक कविन्द्र चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों से पूछताछ की।
1 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जहूर उर्फ राजू खान निवासी इस्लामपुरा जौरा को पुरानी कचहरी के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया बैग, 3 लाख 27 हजार रुपये नकद और खाते की किताबें बरामद कीं। शेष राशि आरोपी द्वारा खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दर्शन शुक्ला सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















