अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। अमरपाटन में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया। अमरपाटन थाना क्षेत्र के रीवा रोड स्थित इंडियन बैंक के पास अधिवक्ता सुखेन्द्र सिंह की कार से अज्ञात चोर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 1 लाख 25 हजार रुपए नकद, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड रखे हुए थे। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।


जानकारी के अनुसार ग्राम हरदी निवासी अधिवक्ता सुखेन्द्र सिंह इंडियन बैंक से अपने खाते से 1 लाख 25 हजार रुपए निकालकर बाहर आए थे। इसके बाद वे अपनी पत्नी के साथ बाजार में किराना दुकान पर कुछ सामान लेने रुके। इस दौरान उन्होंने नगदी से भरा बैग कार के अंदर रखा और जल्दबाजी में कार लॉक किए बिना दुकान पर चले गए।


इसी बीच दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवक कार के पास पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक ने आसपास नजर दौड़ाई और बड़ी सफाई से कार का दरवाजा खोलकर अंदर रखा बैग निकाल लिया। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से तेजी से मौके से फरार हो गए।


जब अधिवक्ता सुखेन्द्र सिंह वापस कार के पास पहुंचे तो बैग गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत अमरपाटन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया।


पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।