नई दिल्ली। भारत के जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा ने जापान के आइची-नागोया में 'एशियन गेम्स 2026' में हिस्सा ले रही भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सभी एथलीट्स टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करेंगे।भारत ने देश का नाम रोशन करने के मकसद से आइची-नागोया खेलों के लिए 499 खिलाड़ियों का दल भेजा है। भारत ने एशियन गेम्स 2023 में रिकॉर्ड 107 मेडल जीते थे। हांग्झू खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 655 खिलाड़ियों के मुकाबले इस बार दल छोटा होने के बावजूद, 2026 में भी उसी शानदार लय को बनाए रखने का लक्ष्य होगा।

एशियन गेम्स में दो बार गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज टखने में लिगामेंट फटने की वजह से एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे, लेकिन उन्होंने भारतीय टीम को इस बड़े टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। नीरज ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया को मेरी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएं। मुझे यकीन है कि वे सभी हमें गौरवान्वित करेंगे।"

नीरज एशियन गेम्स में हिस्सा लेने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन टखने में लिगामेंट फटने से उनका सीजन निराशाजनक रूप से खत्म हो गया। इस समस्या के कारण वह डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई करने के बावजूद उसमें हिस्सा नहीं ले पाए। नीरज ने पिछले महीने अपनी इंजरी को लेकर जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा था, "काफी मेहनत के बाद, मुझे आखिरकार वह लय मिल रही थी, जिसकी मुझे तलाश थी। मैंने लॉजेन में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था। दुर्भाग्य से, उसके कुछ ही समय बाद ट्रेनिंग के दौरान मेरे टखने का लिगामेंट फट गया। डॉक्टर और टीम से बातचीत के बाद, हमने तय किया है कि मैं इस सीजन के बाकी हिस्से में हिस्सा नहीं लूंगा।"

उन्होंने कहा था, "यह निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि मुझे लग रहा था कि मैं अपनी लय पाने के करीब हूं। मगर, जैसा कि कहा जाता है, रुकावटें सफर का हिस्सा होती हैं। अब मेरा ध्यान ठीक होने और और भी मजबूती से वापसी करने पर है। आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।"

नीरज ट्रैक एंड फील्ड में भारत के सबसे सफल एथलीट हैं और उन्होंने लगभग हर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट हैं और उनके नाम एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल है। हरियाणा में जन्मे इस खिलाड़ी ने डायमंड लीग फाइनल, वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ गेम्स में भी देश का नाम रोशन किया है।