बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बड़वानी से खेतिया की ओर जा रही 'रेवा कृपा' यात्री बस बोकराटा के आगे अंबापड़ावा के समीप बारी फलिया घाट क्षेत्र में अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। अचानक ब्रेक फेल होने से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन चालक ने गजब का धैर्य और सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे मिट्टी में उतारकर रोक दिया। चालक के इस त्वरित निर्णय से बस गहरी खाई में गिरने और पलटने से बच गई। हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए खेतिया स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
घाट क्षेत्र में अचानक फेल हुए बस के ब्रेक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस बड़वानी से सवारियां लेकर खेतिया जा रही थी। जैसे ही बस बोकराटा के आगे बारी फलिया के पास दुर्गम घाट क्षेत्र में पहुंची, अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घाट पर बस की रफ्तार तेज थी और ब्रेक फेल होते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई और बस को सड़क किनारे मिट्टी में उतारकर नियंत्रित कर लिया, जिससे एक भीषण हादसा टल गया। इस घटना में 15 से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल खेतिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें लगी हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घायलों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
ये भी पढ़ें




खेतिया और पाटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली व्यवस्था
दुर्घटना की सूचना मिलते ही खेतिया और पाटी थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। पुलिस ने चालक और यात्रियों के बयान दर्ज कर बस के ब्रेक फेल होने के तकनीकी कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मदद के लिए मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्गम घाट क्षेत्र में चलने वाली यात्री बसों की नियमित रूप से सख्त फिटनेस जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं, बस में सवार सभी यात्रियों ने चालक की सूझबूझ की जमकर सराहना की, जिसकी वजह से उनकी जान बच सकी।











