कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में हुई करीब 12 करोड़ रुपए के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों की सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। कोलकाता से गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्य बदरुद्दीन खान से हुई कड़ी पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि इस पूरी वारदात का मुख्य सरगना झारखंड के साहिबगंज जिले का रहने वाला अब्जुल है। सात सदस्यीय इस शातिर गिरोह के छह आरोपी साहिबगंज जिले के ही निवासी हैं। हालांकि, पुलिस को अभी तक चोरी गए करोड़ों के आभूषणों की बरामदगी नहीं हो सकी है, जिसके लिए कई राज्यों में छापेमारी जारी है।


शोरूम से पैदल मुख्य सड़क तक गए

पुलिस पूछताछ में आरोपी बदरुद्दीन ने बताया कि शोरूम में करोड़ों की चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद गिरोह के सभी सात सदस्य पैदल चलते हुए मुख्य सड़क तक पहुंचे थे। वहां से उन्होंने एक ऑटो रिक्शा किराए पर लिया और सीधे कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे। कटनी स्टेशन से सभी आरोपी दानापुर एक्सप्रेस में सवार हो गए। ट्रेन के उत्तर प्रदेश स्थित प्रयागराज स्टेशन पहुंचते ही सभी बदमाश वहां उतर गए और पुलिस को चकमा देने के लिए अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। कटनी पुलिस अब आरोपी द्वारा बताए गए इस पूरे रूट और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से सत्यापन कर रही है।


CCTV फुटेज में कैद हुआ मुख्य सरगना अब्जुल

पुलिस ने शोरूम और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, जिनमें गिरोह के मुख्य सरगना अब्जुल की स्पष्ट तस्वीर सामने आई है। बदरुद्दीन से मिली जानकारी और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों को दबोचने के लिए कटनी पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित की हैं, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, झारखंड के साहिबगंज और पश्चिम बंगाल सहित अन्य ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कमल मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से मिली महत्वपूर्ण जानकारियों का तकनीकी और जमीनी स्तर पर सत्यापन कराया जा रहा है। मुख्य सरगना की पहचान हो चुकी है और अब पुलिस के सामने चोरी गए करीब 12 करोड़ रुपए के आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।