अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा घटित हुआ, जहां दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में एक मासूम बच्चे समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 बच्चों समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह हादसा खोडरी गांव की जर्राटोला पंचायत स्थित आरोग्यधाम मंदिर के समीप हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
एक बाइक पर 5 और दूसरी पर 2 सगे भाई थे सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छतई गांव निवासी कुमान सिंह अपनी पत्नी ज्योति अगरिया (30) और तीन बच्चों (जिनमें एक बच्चा रिश्तेदार का भी शामिल था) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर पिपरटोला से अपने गांव छतई लौट रहे थे। वहीं, सामने से आ रही दूसरी बाइक पर निमहा गांव के रहने वाले दो सगे भाई हंसराज सिंह गोंड़ और रामसिंह गोंड़ (पिता जयपाल) सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ही बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण आरोग्यधाम मंदिर के पास दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए। इस भीषण भिड़ंत में एक युवक और एक बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान छतई निवासी कुमान सिंह, निमहा निवासी रामसिंह गोंड़ और एक बच्चे के रूप में की है।
डायल 112 और स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाया गया अस्पताल
अनूपपुर एसपी अंकित सोनी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घायलों में मृतक कुमान सिंह की पत्नी ज्योति अगरिया (30), निमहा निवासी हंसराज सिंह गोंड़ और दो बच्चे शामिल हैं। कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद एक बच्चे को छोड़कर शेष तीन गंभीर घायलों (ज्योति अगरिया, हंसराज और एक बच्चा) की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, सभी घायल अभी गहरे सदमे और गंभीर चोटों के कारण बोलने की स्थिति में नहीं हैं।














